Government Alert : नई दिल्ली। देश में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने मोबाइल यूजर्स के लिए अहम चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली इस एजेंसी ने लोगों को कॉल फॉरवर्डिंग से जुड़े फ्रॉड को लेकर सतर्क रहने को कहा है।
I4C के साइबर जागरूकता अभियान ‘साइबर दोस्त’ के अनुसार, अगर किसी यूजर को कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव होने का SMS मिलता है, तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तुरंत कार्रवाई करें।
क्या है नया नियम?
अब किसी भी मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सेवा सक्रिय होते ही संबंधित यूजर को SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य साइबर ठगों द्वारा किए जा रहे कॉल फॉरवर्डिंग फ्रॉड पर रोक लगाना है।
SMS मिलते ही क्या करें?
यदि आपने खुद कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव नहीं किया है और फिर भी ऐसा मैसेज आता है, तो तुरंत अपने फोन से ##002# डायल करें। इससे आपके नंबर पर एक्टिव सभी कॉल फॉरवर्डिंग सेवाएं बंद हो जाएंगी।
ठग कैसे बनाते हैं शिकार?
साइबर अपराधी खुद को बैंक, टेलीकॉम कंपनी या सरकारी अधिकारी बताकर यूजर्स को कुछ कोड डायल करने के लिए कहते हैं। ऐसा करते ही कॉल फॉरवर्डिंग चालू हो जाती है और आपके नंबर पर आने वाले कॉल व OTP सीधे ठगों तक पहुंच जाते हैं।
बैंक खाते पर खतरा
कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए ठग आपके बैंकिंग OTP हासिल कर सकते हैं। इसके बाद वे आपके खाते से पैसे निकाल सकते हैं, ऑनलाइन अकाउंट हैक कर सकते हैं और आपकी डिजिटल पहचान का दुरुपयोग कर सकते हैं।
कैसे रहें सुरक्षित?
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई कोड डायल न करें
- कॉल फॉरवर्डिंग से जुड़े SMS को ध्यान से जांचें
- संदिग्ध स्थिति में तुरंत ##002# डायल करें
- OTP कभी किसी के साथ साझा न करें
कहां करें शिकायत?
किसी भी साइबर फ्रॉड या संदिग्ध गतिविधि की शिकायत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की जा सकती है।
छोटी सी सतर्कता आपको बड़े आर्थिक नुकसान और साइबर धोखाधड़ी से बचा सकती है।

