कोलकाता। पश्चिम बंगाल पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की पत्नी सरीना बीबी (37) को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। उन पर फालता थाने के बाहर भीड़ जुटाकर पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला करने और अपने पति को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की कोशिश करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून को सरीना बीबी ने समर्थकों को एकत्र कर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन कराया था। इस दौरान भीड़ ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया। मामले में अब तक 27 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
नेपाल बॉर्डर से पकड़ा गया था जहांगीर
जहांगीर खान को पुलिस ने 8 जून को भारत से भागने के दौरान नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कई बार फालता इलाके में परेड कराई, जहां वह लोगों से माफी मांगते हुए नजर आया।
CM ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
शुभेंदु अधिकारी ने 17 जून को इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को निर्देश दिए थे कि विरोध प्रदर्शन और हिंसा में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
‘पुष्पा’ स्टाइल से बनाई पहचान
जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। उसने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के फालता इलाके में अपनी मजबूत पकड़ बना ली थी। विधानसभा चुनाव के दौरान वह आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के साथ विवाद को लेकर चर्चा में आया था।
चुनाव प्रचार के दौरान उसने खुद को फिल्म पुष्पा के किरदार की तरह पेश किया और अक्सर डायलॉग “पुष्पा झुकेगा नहीं साला” दोहराता था।
चुनाव से पहले छोड़ा मैदान
फालता सीट पर 29 अप्रैल को मतदान के दौरान गड़बड़ी के आरोप लगे थे, जिसके चलते वोटिंग रद्द कर दी गई थी। 21 मई को दोबारा मतदान हुआ, लेकिन उससे 48 घंटे पहले ही जहांगीर खान ने चुनावी मैदान छोड़ दिया था।
फिलहाल स्थिति
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

