रायपुर। छत्तीसगढ़ के विकास को गति देने वाली एक महत्वपूर्ण रेल परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए ₹755 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे राज्य में यात्री और माल परिवहन दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल लाइन परियोजना कोयला परिवहन क्षमता को मजबूत करेगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं में विस्तार होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी बेहतर बनेगी।
उन्होंने इसे राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यह परियोजना ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में मालगाड़ियों की आवाजाही सुगम होगी, जिससे ऊर्जा क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
इस फैसले के बाद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

