बलरामपुर : किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू, भुगतान और फर्जी केसीसी लोन मामले में कार्रवाई की मांग
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले के किसानों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों का यह धरना सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा रामानुजगंज के सामने आयोजित किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि धान बिक्री वर्ष 2025-26 की राशि का भुगतान लंबित है तथा कई किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच और निराकरण अब तक नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 9 जून को प्रशासन एवं संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान सात दिनों के भीतर नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए 7 दिनों का अल्टीमेटम भी दिया था।बलरामपुर
किसानों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज किसानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना दे रहे किसानों का आरोप है कि धान बिक्री के बाद भी उन्हें उनकी पूरी राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। वहीं फर्जी केसीसी लोन के मामलों में भी किसानों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि उनके नाम पर बिना जानकारी या सहमति के ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं।
धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मांग की है कि धान बिक्री वर्ष 2025-26 की लंबित भुगतान राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा फर्जी केसीसी लोन मामलों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर किसानों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक पहल नहीं हुई है। किसानों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान करेगा।
फिलहाल धरना प्रदर्शन जारी है और प्रशासन की ओर से किसानों से चर्चा कर समाधान निकालने के प्रयास किए जाने की संभावना जताई जा रही है।बलरामपुर

