बलरामपुर : जिले में पुलिस विभाग का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 125 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों का तबादला
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर-रामानुजगंज
जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले में पदस्थ कुल 125 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में जिले के विभिन्न थाना, चौकी, पुलिस सहायता केंद्र एवं शाखाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई पदस्थापना दी गई है। स्थानांतरण सूची में 10 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 15 प्रधान आरक्षक तथा 100 आरक्षक एवं महिला आरक्षक शामिल हैं। यह जिले में हाल के वर्षों के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में से एक माना जा रहा है।जारी सूची के अनुसार कई अधिकारियों को एक थाना क्षेत्र से दूसरे थाना क्षेत्र में भेजा गया है, जबकि कुछ कर्मचारियों को चौकी से थाना एवं थाना से चौकी में पदस्थ किया गया है। बलरामपुर, रामानुजगंज, राजपुर, शंकरगढ़, चलगली, कुसमी, त्रिकुंडा, सनावल, वाड्रफनगर, सामरीपाठ, रामचंद्रपुर, रघुनाथनगर, चांदो तथा अन्य थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बदलाव किए गए हैं। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार कानून व्यवस्था को मजबूत करने, कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा विभिन्न थानों में उपलब्ध मानव संसाधन का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह स्थानांतरण किया गया है। जिले के कई संवेदनशील थाना क्षेत्रों में नए अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है, जिससे पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे जिले में पुलिस व्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती आएगी। स्थानांतरण का आंकड़ा सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) – 10 प्रधान आरक्षक – 15 आरक्षक – 85 महिला आरक्षक – 15 कुल स्थानांतरण – 125

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जारी यह आदेश 16 जून 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

