सक्ती :सक्ती जनपद पंचायत में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: सीईओ समेत तीन कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
नरेंद्र मिश्रा, सक्ती
जिले की जनपद पंचायत सक्ती में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सहित तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप, सहायक ग्रेड-3 अविनाश सिंह ठाकुर तथा भृत्य लच्छन भानु पर एक हितग्राही के लंबित भुगतान को जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता के अनुसार, लगभग 12 लाख रुपये के भुगतान का चेक जारी करने के लिए आरोपियों द्वारा 2 लाख रुपये की मांग की गई थी।
मामले की शिकायत मिलने पर एसीबी बिलासपुर की टीम ने गोपनीय रूप से जांच और सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपियों को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
इसके बाद एसीबी की टीम ने जनपद पंचायत कार्यालय सक्ती में दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में काफी हलचल और अफरा-तफरी का माहौल रहा। टीम ने मौके से नकदी, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और चेक जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। फिलहाल एसीबी अधिकारी तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं तथा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस घटना के बाद जिले के प्रशासनिक और पंचायत महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

