बलरामपुर : जमीन विवाद में बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या, चाचा-भतीजे गिरफ्तार…
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले के पस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी डवरा के ग्राम लिलौटी में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिलौटी (स्कूल पारा) निवासी जीवन लाल रवि ने चौकी डवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता दिलबर रवि और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच जमीन के हिस्से के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों को आशंका थी कि मृतक दिलबर रवि ने अपने हिस्से में अधिक जमीन रख ली है, जिससे वे नाराज थे।
रिपोर्ट के मुताबिक 13 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे दिलबर रवि खाना खाने के बाद अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी संजय कुमार रवि (32 वर्ष) एवं नन्दकेश्वर रवि (55 वर्ष), निवासी ग्राम लिलौटी, ने कथित रूप से षड्यंत्र रचकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि संजय रवि ने टांगी से वार कर दिलबर रवि के कान, गर्दन और हाथ की उंगलियों पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उनकी मौत हो गई।
प्रार्थी की शिकायत पर पस्ता थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 332 एवं 61 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई करते हुए 15 जून 2026 को दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

