बलरामपुर ब्रेकिंग : दल से बिछड़े हाथी ने मचाया उत्पात, दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत पेंडारी गांव में दल से बिछड़े एक जंगली हाथी ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। हाथी के रिहायशी इलाके में घुस आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथी ने गांव में प्रवेश कर किसानों के दो कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षा की दृष्टि से अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से पूरी रात हाथी को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने का प्रयास करती रही। काफी मशक्कत के बाद हाथी गांव से निकलकर कोटराही गांव के जंगल की ओर चला गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी अभी भी कोटराही गांव के जंगल क्षेत्र में मौजूद है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि वह पुनः रिहायशी क्षेत्र में प्रवेश न कर सके।
वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने, रात के समय जंगल की ओर न जाने तथा हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। साथ ही ग्रामीणों को समूह में रहने और किसी भी स्थिति में हाथी के नजदीक न जाने की सलाह दी गई है।
हाथी के गांव में पहुंचने की घटना के बाद पेंडारी, कोटराही तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

