बलरामपुर : भाई को बनाया बंधक, बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म; पुलिस ने घंटे भर के भीतर आरोपियों को पकड़ा
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने फुफेरे भाई के साथ एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के फुफेरे भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया और उसके सामने ही युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद किसी तरह युवती का भाई आरोपियों के चंगुल से छूटकर पुलिस तक पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और घटना के लगभग एक घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। साथ ही उसके बयान के आधार पर प्रकरण में विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

