नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर
बलरामपुर जिले के थाना राजपुर पुलिस ने अवैध रूप से पशुओं के परिवहन एवं उनके प्रति क्रूरता करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 मवेशियों को बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून की रात सूचना मिली कि ग्राम गोपालपुर क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से पशुओं का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच की।
जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक UP-65 QT-1375 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में पशुओं को अत्यंत क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम अशोक गिरी (50 वर्ष) निवासी ग्राम डवरी कला, थाना बबुरी, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पशुओं को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर ले जा रहा था। वाहन की जांच में छह मवेशी क्रूरतापूर्वक बंधे हुए पाए गए, जबकि आसपास की तलाशी में छह अन्य मवेशी भी बरामद किए गए, जिन्हें वाहन से उतारकर बांध दिया गया था। इस प्रकार कुल 12 मवेशियों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
प्रथम दृष्टया जांच में पशुओं के परिवहन संबंधी वैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन तथा पशुओं के प्रति क्रूरता किए जाने की पुष्टि होने पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(डी) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजेश पांडे, अशोक तिर्की, आरक्षक रूपेश गुप्ता, ललन यादव, राजेश कुमार एवं सैनिक धर्मेंद्र यादव शामिल रहे।

