नरेंद्र मिश्रा , बलरामपुर
विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में स्कूल एवं कॉलेज बसों का विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 50 बसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर 13 बसों पर कार्रवाई करते हुए 14 हजार रुपये का चालान किया गया।
जानकारी के अनुसार 8 जून को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 12 जून को शंकरगढ़, रामानुजगंज और वाड्रफनगर क्षेत्र में एक दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन, पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की जांच की।
जांच के लिए रामानुजगंज में 20, शंकरगढ़ में 17 तथा वाड्रफनगर में 13 बसें उपस्थित हुईं। टीम ने उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, कर भुगतान रसीद, चालक लाइसेंस तथा स्पीड गवर्नर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
इसके अलावा बसों की यांत्रिक स्थिति का भी परीक्षण किया गया। हेडलाइट, ब्रेक लाइट, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, स्टीयरिंग, टायर, वाइपर, ब्रेक, क्लच, एक्सीलेटर, सीटों की स्थिति, हॉर्न और रिफ्लेक्टर समेत विभिन्न सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान शंकरगढ़ की 5 और रामानुजगंज की 8 बसों में विभिन्न खामियां पाई गईं। परिवहन विभाग ने इन 13 बसों पर कुल 14 हजार रुपये का चालान किया तथा संबंधित संस्थानों के प्रबंधकों को कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित चालकों को नियमित दवा लेने तथा कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मा पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी गई। साथ ही बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

