नरेंद्र मिश्रा,बलरामपुर
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मिर्च के पौधे तोड़ने के विवाद को लेकर दंपती से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भागवतपुर निवासी तिलदेव अगरिया ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मई 2026 की रात उसके बड़े भाई नंदलाल अगरिया के खेत में लगे कुछ मिर्च के पौधे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़ दिए गए थे। इसी बात को लेकर नंदलाल अगरिया ने अपने छोटे भाई तिलदेव पर संदेह जताया।
रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच नंदलाल अगरिया, उसकी पत्नी सविता अगरिया, पुत्र कार्तिक अगरिया तथा एक अन्य व्यक्ति गोकुल अगरिया तिलदेव के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मिर्च के पौधे तोड़ने का आरोप लगाने लगे। विवाद बढ़ने पर कार्तिक अगरिया ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे तिलदेव घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना के दौरान तिलदेव की पत्नी निर्मला अगरिया भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में तीन स्थानों पर चोट आई और वह बेहोश हो गई। परिजनों द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को शंकरगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना शंकरगढ़ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना स्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने 11 जून 2026 को आरोपी नंदलाल अगरिया (45 वर्ष), सविता अगरिया (35 वर्ष) एवं कार्तिक अगरिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

