चंद्रिका कुशवाहा
सूरजपुर। जिले की पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 293 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे नागरिकों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा गुम मोबाइल नोडल अधिकारी एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना-चौकी स्टाफ ने संयुक्त रूप से कार्य किया।
साइबर सेल प्रभारी जावेद मियादाद के नेतृत्व में टीम ने सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की तकनीकी सहायता से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। बरामद मोबाइल विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से खोजे गए। इनमें एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, विवो, रेडमी और वन प्लस जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।
शुक्रवार को जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी ने नागरिकों को उनके मोबाइल सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग और सतत प्रयासों से गुम मोबाइलों की बरामदगी तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस सफलता में आरक्षक युवराज यादव, रौशन सिंह, विनोद सारथी, दधिबल राजवाड़े एवं रायसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर सुरक्षा को लेकर दी महत्वपूर्ण सलाह
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल, नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल में सूचना दें। वहीं साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें तथा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीक के प्रभावी उपयोग से 293 लोगों को उनकी खोई हुई खुशियां वापस मिल गईं।

