IND vs AFG 1st OD धर्मशाला। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन मैच से पहले ही मौसम ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। धौलाधार की बर्फीली पहाड़ियों के बीच बसे इस खूबसूरत मैदान पर बादलों का डेरा जम गया है, जिससे मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
रुक-रुक कर बारिश की आशंका
धर्मशाला में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को खराब मौसम के बाद शुक्रवार को कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन शनिवार यानी मैच के दिन फिर से मौसम खराब होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी AccuWeather के मुताबिक, आज दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की 60 प्रतिशत से अधिक संभावना है। इससे मैच की शुरुआत में देरी या खेल के दौरान बार-बार रुकावट आ सकती है।
US Court का Trump को झटका: 1.8 अरब डॉलर के ‘एंटी वेपनाइजेशन’ फंड पर अनिश्चितकालीन रोक
पिच और रणनीति पर असर
लगातार बादल छाए रहने और नमी बढ़ने के कारण पिच और आउटफील्ड के व्यवहार में बदलाव आ सकता है। ऐसे हालात में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलने की पूरी संभावना है। वहीं अगर बारिश ज्यादा हुई तो डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम अहम भूमिका निभा सकता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
दर्शकों और ट्रैफिक पर प्रभाव
मैच को लेकर धर्मशाला और मैकलोडगंज के होटलों में भारी बुकिंग देखी गई है। बड़ी संख्या में फैंस सुबह से ही छाता और रेनकोट के साथ स्टेडियम की ओर बढ़ रहे हैं। जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कोतवाली बाजार और कचहरी रोड से स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।
यदि बारिश के कारण ओवरों में कटौती होती है या मैच प्रभावित होता है, तो दूर-दराज से आए दर्शकों के लिए यह निराशाजनक हो सकता है। मौसम विभाग ने शाम के समय तापमान में गिरावट और धुंध छाने की भी चेतावनी जारी की है।
कुल मिलाकर, धर्मशाला में आज क्रिकेट से ज्यादा नजरें आसमान पर टिकी रहेंगी।

