वन भूमि में अवैध खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी जब्त
नरेंद्र मिश्रा बलरामपुर
जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। वन भूमि में अवैध उत्खनन किए जाने तथा विभाग द्वारा स्थापित सीमांकन मुनारों को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित वन भूमि क्षेत्र में जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा था। खनन कार्य के दौरान वन विभाग द्वारा भूमि की सीमा निर्धारित करने के लिए लगाए गए मुनारों को भी तोड़ा जा रहा था, जिससे विभागीय संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही वन मंडल अधिकारी एवं उपवन मंडल अधिकारी के निर्देश पर वन विभाग का अमला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। वन विभाग की टीम को देखते ही जेसीबी चालक मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन अमले ने जेसीबी मशीन को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वन भूमि पर अवैध खनन किए जाने के संकेत मिले हैं। विभाग द्वारा जेसीबी मशीन के मालिक एवं इस अवैध गतिविधि में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने इस कृत्य को गंभीर वन अपराध मानते हुए राजसात की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अतिक्रमण, अवैध खनन तथा विभागीय संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध खनन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में वन विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर बड़ी रोकथाम के रूप में देखा जा रहा है। विभाग की कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है तथा जल्द ही इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

