बलरामपुर।
जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दहेजवार जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापेमार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगद राशि और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जबकि कई अन्य आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि दहेजवार गोठान के पास जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली बलरामपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस ने दीपक गुप्ता पिता श्रवण साव, निवासी ग्राम दहेजवार तथा रामप्रसाद पिता केशव, निवासी वार्ड क्रमांक 7 बलरामपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य जुआरी जंगल और रात्रि का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 3 हजार रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 89/2026 पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
