रायपुर
विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (ABPA) छत्तीसगढ़ द्वारा LCIT कैंपस, बिलासपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका, फार्मेसी शिक्षा, पेशेवर सम्मान और प्रदेश में फार्मास्यूटिकल उद्योग को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार अश्वनी गुरुदेकर, CMHO बिलासपुर डॉ. शुभा गढ़ेवाल, Food & Drug Administration के Analyst डॉ. विनोद वर्मा तथा LCIT Group के Director प्रमोद जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से Community Pharmacist, Hospital Pharmacist, Pharmaceutical Industry, Government Sector और Education Sector से जुड़े फार्मासिस्टों के साथ बड़ी संख्या में फार्मेसी विद्यार्थी शामिल हुए।
सभी सेक्टर के फार्मासिस्टों को एक मंच पर लाना उद्देश्य
ABPA के प्रदेश महासचिव हेमंत मिश्रा ने कहा कि अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाला संगठन है, जो वर्तमान में देश के 22 राज्यों में सक्रिय है। संगठन का उद्देश्य कम्युनिटी, हॉस्पिटल, इंडस्ट्री, शासकीय और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े फार्मासिस्टों को एक मंच पर लाकर उन्हें संगठित करना है।
उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर संभाग वनस्पतियों एवं औषधीय संसाधनों से समृद्ध हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ में औषधीय एवं फार्मास्यूटिकल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक पहल किए जाने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष इस दिशा में पहल करने की मांग भी रखी गई।मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में फार्मास्यूटिकल उद्योग को बढ़ावा मिलने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और फार्मेसी क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए बेहतर संभावनाएं विकसित होंगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं फार्मासिस्ट
ABPA के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विश्व फार्मासिस्ट दिवस का आयोजन उनके योगदान को समाज के सामने लाने और फार्मेसी प्रोफेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।LCIT के प्राचार्य डॉ. रितेश जैन ने कहा कि इस तरह के आयोजन फार्मेसी विद्यार्थियों को अपने पेशे की जिम्मेदारियों और स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका समझने का अवसर प्रदान करते हैं। अनुभवी फार्मासिस्टों के साथ संवाद से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम में फार्मासिस्टों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। आयोजन को सफल बनाने में ABPA के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं फार्मासिस्ट साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
