बलरामपुर।
वाड्रफनगर क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले दो उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया। इन पुलों के निर्माण से बारिश के मौसम में नदी पार करने की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने के साथ ही आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
पहला पुल स्याही-सनावल मार्ग पर लेदो नदी में बनाया जाएगा। इस पुल के निर्माण पर करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी। वहीं दूसरा पुल वाड्रफनगर-मेंढारी मार्ग पर इरिया नदी में बनाया जाएगा, जिसकी लागत 4 करोड़ 77 लाख रुपये बताई गई है।
इरिया नदी पर पुल नहीं होने के कारण वाड्रफनगर और मेंढारी क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन के दौरान करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती थी। पुल के निर्माण के बाद इस अतिरिक्त दूरी से राहत मिलने के साथ क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुल निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया।
इस अवसर पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि सड़क और पुल किसी भी क्षेत्र के विकास की पहली सीढ़ी हैं। बेहतर सड़क संपर्क और पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
