पटना। बिहार में बाढ़ के बीच पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर का दौरा किया। यहां बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की बदहाली देखकर पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो राघोपुर आकर इसे संभालें। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
‘हिम्मत है तो राघोपुर को संभालो’
राघोपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति देखकर पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते उन्हें जनता के बीच आकर हालात देखने चाहिए। उन्होंने तेजस्वी यादव के साथ-साथ लालू यादव परिवार और उनकी राजनीति पर भी कई गंभीर आरोप लगाए।
पप्पू यादव ने कहा कि चुनाव के समय नेता जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन आपदा के समय उन्हें जमीन पर उतरकर लोगों की मदद करनी चाहिए।
ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ प्रभावित इलाके में पहुंचे
पप्पू यादव देर रात खुद ट्रैक्टर चलाकर राघोपुर पहुंचे। इलाके में बाढ़ का पानी भरा हुआ था और बिजली आपूर्ति भी बाधित थी। स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान देखकर उन्होंने मौके पर ही राहत कार्यों में हिस्सा लिया।
उन्होंने सामुदायिक रसोई में खुद बाढ़ पीड़ितों के लिए पूरियां बेलीं और भोजन तैयार कराने में मदद की। इसके अलावा महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए और जरूरतमंद बाढ़ पीड़ितों को 500-500 रुपये की आर्थिक मदद भी दी।
‘जनता के नेता बनने के लिए जमीन पर उतरना होगा’
पप्पू यादव ने कहा कि संकट के समय नेताओं को सोशल मीडिया या घरों में बैठकर राजनीति करने के बजाय प्रभावित लोगों के बीच पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग जनता के लिए संघर्ष करने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने का साहस नहीं रखते, वे जनता के सच्चे नेता नहीं बन सकते।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव के दौरान नेता करोड़ों रुपये खर्च करके गांव-गांव पहुंचते हैं, लेकिन बाढ़ जैसी आपदा में प्रभावित लोगों के बीच उनकी मौजूदगी नजर नहीं आती।
प्रशासन और ठेकेदारों पर भी साधा निशाना
पप्पू यादव ने राघोपुर में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय प्रशासन और ठेकेदारों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
राघोपुर समेत कई जिले बाढ़ की चपेट में
बिहार में गंगा समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण राघोपुर सहित राज्य के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। ऐसे में पप्पू यादव का राघोपुर दौरा और तेजस्वी यादव पर किया गया सीधा हमला बिहार की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर भी उनके बयान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

