बलरामपुर सरगुजा ओलंपिक के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कबड्डी मुकाबले का आयोजन शासकीय हाई स्कूल पेंडारी में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में रोमांच और उत्साह का माहौल बना रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पेंडारी में पहले से ही विभिन्न खेल गतिविधियों के प्रति विशेष रुचि और उत्साह रहा है। सरगुजा ओलंपिक के आयोजन ने इस खेल भावना को और मजबूती प्रदान की।
खेल के प्रति समर्पित जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रमेन्द्र बहादुर भी खिलाड़ियों और बच्चों के बीच पेंडारी में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उनके साथ विकासखंड वाड्रफनगर के क्रीड़ा प्रभारी अनिल राजवाड़े, शासकीय हाई स्कूल पेंडारी के खेल शिक्षक नवीन कुजूर तथा अन्य विद्यालयों से पहुंचे खेल शिक्षकों ने प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बालिका वर्ग में पेंडारी की शानदार जीत
कबड्डी के बालिका वर्ग में पेंडारी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। पेंडारी की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतर तालमेल, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय दिया। जीत के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल रहा।
बालक वर्ग में कांटे की टक्कर
वहीं बालक वर्ग का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पेंडारी और क्रीड़ा परिसर वाड्रफनगर की टीम के बीच हुए मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। पेंडारी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रीड़ा परिसर वाड्रफनगर के खिलाड़ियों को जबरदस्त टक्कर दी। मुकाबला अंतिम समय तक रोमांचक बना रहा और अंत में क्रीड़ा परिसर वाड्रफनगर की टीम ने मामूली अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।
मुकाबले के दौरान मैदान के चारों ओर मौजूद विद्यार्थियों और दर्शकों ने लगातार तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। हार के बावजूद पेंडारी के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना हुई।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। पेंडारी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान शासकीय हाई स्कूल पेंडारी के प्राचार्य सुनील कुमार जायसवाल, वरिष्ठ व्याख्याता सेरोफिना टोप्पो, पूर्व प्राचार्य एवं व्याख्याता अरुण जायसवाल, व्याख्याता मिथलेश पटवा, सुरेंद्र यादव, मिडिल स्कूल के प्रधानपाठक विजय चौबे, अतिथि शिक्षक आशीष यादव, राजपति यादव, धनपत आयाम, जगत पैकरा, प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक दीपक जगते सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से पेंडारी में खेल के प्रति उत्साह और बढ़ा है। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इस तरह की खेल गतिविधियों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।

