बलरामपुर। यात्री बसों में शासन द्वारा निर्धारित किराए से अधिक वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बलरामपुर पुलिस और परिवहन विभाग ने बस संचालकों की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह बैठक 10 सितंबर 2026 को यातायात शाखा, बलरामपुर में आयोजित की गई। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज वैभव बैंकर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई।

बसों में किराया सूची चस्पा करना अनिवार्य
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी यशवंत यादव, यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन, रक्षित निरीक्षक और बस संचालक मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बस संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित यात्री किराया दरों की जानकारी दी। साथ ही निर्देश दिया गया कि हर यात्री बस में किराया सूची प्रमुख और स्पष्ट स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि यात्रियों को सफर से पहले निर्धारित किराए की जानकारी मिल सके।
साधारण बस में 5 किमी तक किराया 8 रुपये
बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा निर्धारित किराया दर के अनुसार साधारण बस सेवा में प्रथम 5 किलोमीटर तक 8 रुपये प्रति यात्री किराया निर्धारित है। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर या उसके भाग के लिए 1 रुपये प्रति यात्री की दर लागू होगी।
वहीं, डीलक्स/शयनयान कोच में प्रथम 5 किलोमीटर तक किराया 8 रुपये प्रति यात्री निर्धारित है। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर या उसके भाग के लिए 3 रुपये प्रति यात्री की दर से किराया लिया जाएगा।
ज्यादा किराया लेने पर होगी कार्रवाई
बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि यात्रियों से शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया न लिया जाए। यदि निर्धारित किराए से अधिक वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बस संचालकों से किराया वसूली में पारदर्शिता बरतने और यात्रियों को निर्धारित किराए की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक में बस चालक और परिचालकों को यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बसों को निर्धारित स्टॉप पर ही रोकने, निर्धारित रूट पर ही संचालन करने और वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए भी कहा गया।
बस संचालकों ने बताई अपनी समस्याएं
बैठक के दौरान बस संचालकों ने बस संचालन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं और कठिनाइयों को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए यथासंभव समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में बस संचालकों ने निर्धारित किराए से अधिक वसूली की शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने और शासन के नियमों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

