बलरामपुर। शिक्षक दिवस जैसे गरिमामय समारोह से पहले ही जिला शिक्षा विभाग विवादों के घेरे में आ गया है। एक ही कार्यक्रम के लिए कथित तौर पर तीन अलग-अलग आमंत्रण कार्ड जारी किए जाने के मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिला शिक्षा विभाग पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने प्रोटोकॉल के पालन को लेकर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की कि “बच्चों को क्या शिक्षा देंगे, जिन्हें खुद प्रोटोकॉल की समझ नहीं है।”

दिलीप सोनी ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग आमंत्रण कार्ड साझा करते हुए सवाल किया कि आखिर एक ही शिक्षक दिवस समारोह के लिए तीन अलग-अलग कार्ड जारी करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या विभाग को कार्यक्रम में आमंत्रित जनप्रतिनिधियों और प्रोटोकॉल की जानकारी नहीं थी, या फिर जानबूझकर नियमों की अनदेखी की गई?

नगर पालिका उपाध्यक्ष ने जिला शिक्षा विभाग पर जनप्रतिनिधियों के सम्मान की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शिक्षा का पाठ पढ़ाने वाला विभाग आखिर खुद प्रोटोकॉल का पाठ क्यों भूल गया?
एक कार्यक्रम और तीन अलग-अलग आमंत्रण कार्डों के दावे ने विभागीय व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। मामला तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग में भी चर्चाओं का दौर तेज है।

