बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर के बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास देर रात हुआ हादसा, दो गंभीर घायलों को किया गया रेफर
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरों से भरी बस और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार हादसा वाड्रफनगर के बनारस रोड स्थित पुराने नर्सरी के पास देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के दुद्धी क्षेत्र से मजदूर बस के माध्यम से तेलंगाना के हैदराबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस और बोलेरो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई।
हादसे में मृतक की पहचान सहदेव पिता थुरच, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी मोहली, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई जा रही है। वहीं बोलेरो सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है।
देर रात हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। दुर्घटना में बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना में घायल लोगों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
