बलरामपुर/वाड्रफनगर। वाड्रफनगर के अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, वाड्रफनगर बाजार स्थित अरविंद ज्वेलर्स में 16 अगस्त 2026 की रात करीब 9:15 बजे दुकान बंद की गई थी। इसके बाद 17 अगस्त की सुबह करीब 6:45 बजे दुकान संचालक ने दुकान खोली तो शटर का लॉक टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर चांदी और सोने के आभूषण सहित करीब 18 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली थी।
मामले की शिकायत पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत धारा 305, 331(4), 317(2), 5 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों का संबंध बिहार के रोहतास जिले से सामने आया। इसके बाद बलरामपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाड्रफनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बिहार रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने दिनारा थाना क्षेत्र में दबिश देकर संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाड्रफनगर स्थित अरविंद ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के आभूषणों को बेचने तथा उन्हें गलाकर चांदी की सिल्लियां बनाने की बात भी स्वीकार की।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सोनू कुमार चौधरी, शंकर चौधरी, नरेन्द्र चौधरी, लीलू चौधरी, राजकुमार चौधरी, अंगद चौधरी और सुनील कुमार सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार के रोहतास जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 14.175 किलोग्राम चांदी बरामद की। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक BR26GC3631, एक मोटरसाइकिल क्रमांक MH15KA7977, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई है।
चोरी का तरीका भी आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 15 अगस्त से 16 अगस्त के बीच वाड्रफनगर क्षेत्र में रेकी कर रहे थे। इसके बाद 17 अगस्त की देर रात अरविंद ज्वेलर्स के शटर को लोहे के औजार से तोड़कर आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए और चांदी व अन्य जेवरात लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए जेवरात को बेचने के लिए गिरोह के सदस्यों ने स्थानीय स्तर पर संपर्क किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी की संपत्ति बरामद की।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी सहित पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बिहार तक जांच का विस्तार किया और अंततः आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया।
बलरामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाड्रफनगर के चर्चित ज्वेलर्स चोरीकांड का खुलासा हो गया है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के माल की बिक्री से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

