2027 Hyundai Palisade— हुंडई मोटर कंपनी (Hyundai Motor Company) ने साउथ कोरिया में अपनी 2027 Palisade फ्लैगशिप SUV को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। इस अपडेटेड लाइन-अप में सबसे बड़ा आकर्षण नया High-Roof लग्जरी वेरिएंट है, जिसे खास तौर पर प्रीमियम चौफर-ड्रिवन (Chauffeur-Driven) एक्सपीरिएंस के लिए डिजाइन किया गया है। 2027 Hyundai Palisade की एक्स-शोरूम कीमत KRW 44.78 मिलियन (लगभग 30.86 लाख रुपए) से शुरू होती है, जबकि इसके टॉप-एंड High-Roof वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत KRW 81.59 मिलियन (लगभग 56.25 लाख रुपए) रखी गई है।
2027 हुंडई पैलिसेडे एल लक्ज़री हाई-रूफ वेरिएंट का अनावरण: KRW 44.78 मिलियन से शुरू

High Roof वेरिएंट और एक्सटीरियर डिजाइन
Palisade प्लेटफार्म पर पहली बार फैक्ट्री-फिटेड High-Roof लेआउट दिया गया है। नई डिजाइन वाली रूफ स्ट्रक्चर की वजह से केबिन के अंदर यात्रियों को 240mm ज्यादा वर्टिकल हेडरूम मिलता है। इसके साथ ही, अंडरग्राउंड पार्किंग और ऊंचाई की पाबंदियों वाली जगहों पर आसानी से आवाजाही के लिए इसकी कुल ऊंचाई 2,005mm तय की गई है।
बाहरी डिजाइन की बात करें तो बढ़ाई गई रूफ बॉडी के रंग में ही आती है और इसमें मैटेलिक हाइलाइट्स दिए गए हैं। इसके अलावा ब्लैक विंडो सराउंड और विशेष रूप से डिजाइन किए गए 21-इंच के अलॉय व्हील्स इसे बोल्ड लुक देते हैं।
इंटीरियर केबिन और VIP Package फीचर्स
केबिन के अंदर ऊंची रूफ में पॉप-आउट LED रीडिंग लाइट्स, समर्पित क्लाइमेट कंट्रोल पैनल, एसी वेंट्स और Rolls Royce जैसा स्टार-स्टडेड एम्बिएंट रूफ पैटर्न मिलता है। पीछे बैठे यात्रियों के मनोरंजन के लिए स्टैंडर्ड रूप से 21.4-इंच की स्क्रीन दी गई है।
कंपनी ने इसमें एक वैकल्पिक VIP Package 2 भी पेश किया है। इस पैकेज के तहत दूसरी रो (Row) के लिए प्रीमियम फ्लोर मैट्स और एक मल्टी-फंक्शन सेंटर कंसोल मिलता है, जिसमें एयर प्यूरीफायर और दो वायरलेस चार्जिंग पैड शामिल हैं।
Black Ink और XRT ट्रिम अपडेट्स
साउथ कोरियाई बाजार में Palisade का Black Ink ट्रिम भी पेश किया गया है। यह कैलिग्राफी ट्रिम पर आधारित है, लेकिन इसमें ग्रिल, बैजिंग और एक्सटीरियर एलिमेंट्स पर स्टील्थ मैट-ब्लैक फिनिश दी गई है। इसके अलावा XRT ट्रिम को भी बरकरार रखा गया है, हालांकि अमेरिकी बाजार में मिलने वाला XRT Pro मॉडल साउथ कोरियाई लाइन-अप में उपलब्ध नहीं है।
इंजन और पावरट्रेन विकल्प
2027 Hyundai Palisade में दो पावरट्रेन विकल्प दिए गए हैं:
- 2.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल: यह इंजन 281 PS की पावर जनरेट करता है और इसे 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
- स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम: यह 334 PS का कुल आउटपुट देता है और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है।
दोनों ही इंजन विकल्पों में फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) चुनने का विकल्प मिलता है।

