बलरामपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में आदिवासी समाज की एकजुटता देखने को मिली। जिले के विभिन्न इलाकों में समाज के लोगों ने भव्य रैली निकालकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रदर्शन किया। रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।
वाड्रफनगर में भी निकली भव्य रैली
वहीं, जिले के वाड्रफनगर में भी विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर भव्य रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में समाज के लोग रैली में शामिल हुए और उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रैली के बाद हाई स्कूल ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और लोक कला से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समाज के लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
समाज के प्रतिनिधियों ने किया संबोधित
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समूहों को संबोधित किया। उन्होंने समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने पर जोर दिया।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। पूरे जिले में उत्सव और सामाजिक एकजुटता का माहौल नजर आया।

