बलरामपुर में महिला शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार के आरोप: भरूहीबांस के प्रभारी प्रधानपाठक मनोज गुप्ता निलंबित…
नरेंद्र मिश्रा, बलरामपुर/वाड्रफनगर
महिला शिक्षिकाओं से अभद्र और अशोभनीय व्यवहार के आरोपों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक, शिक्षा ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भरूहीबांस, विकासखंड वाड्रफनगर के प्रभारी प्रधानपाठक मनोज कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज के प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि मनोज कुमार गुप्ता पर महिला सहकर्मियों के प्रति अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार, शासकीय सेवक के अनुरूप आचरण नहीं करने, विद्यालय के अभिलेखों का समुचित संधारण नहीं करने तथा प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में अनियमितता बरतने के आरोप सही प्रतीत हुए हैं।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में मनोज कुमार गुप्ता का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, शंकरगढ़ निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में महिला शिक्षिकाओं ने प्रभारी प्रधानपाठक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों से शिकायत की थी। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी। अब प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

