प्रभारी क्षेत्र संयोजक के रूप में मुन्नालाल ध्रुवे की पदस्थापना, आयुक्त ने जारी किया आदेश…
बलरामपुर,
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त कार्यालय, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुन्नालाल ध्रुवे को सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला बलरामपुर में प्रभारी क्षेत्र संयोजक के रूप में आगामी आदेश तक कार्य करने के लिए पदस्थ किया गया है।
24 फरवरी 2025 को जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व मुन्नालाल ध्रुवे, प्रभारी अधीक्षक (मूल पद प्रधानपाठक), पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास वाड्रफनगर, जिला बलरामपुर के रूप में कार्यरत थे। उन्हें पूर्व आदेश के तहत आयुक्त कार्यालय, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मुख्यालय, नवा रायपुर में कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया था।
अब नए आदेश के तहत उन्हें सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला बलरामपुर के अधीन प्रभारी क्षेत्र संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
हाल ही में उनकी नियुक्ति को लेकर विभिन्न समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया पर संलग्नीकरण से संबंधित खबरें प्रकाशित हुई थीं। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुन्नालाल ध्रुवे प्रतिनियुक्ति एवं प्रशासनिक व्यवस्था के तहत आदिवासी विकास विभाग में कार्यरत हैं और बाद में उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था के तहत जनपद पंचायत कुसमी के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विभाग के अनुसार उनकी नियुक्ति को संलग्नीकरण समाप्ति से जोड़कर प्रकाशित की गई खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।

