नियामताबाद। जिला पंचायत प्रशिक्षण केंद्र, नियामताबाद में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 33 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम होने के साथ ही सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का बजट बढ़ाया है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। इसमें आर्थिक सहायता के साथ गृहस्थी उपयोगी सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध कराना है।
खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने बताया कि समारोह के लिए 33 जोड़ों का पंजीकरण और सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया था। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को योजना में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि समारोह में विवाह मंडप, वैदिक विवाह, भजन-कीर्तन, आवागमन, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाएं की गईं। नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता और गृहस्थी उपयोगी सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने की, जबकि संचालन एडीओ एसटी प्रमोद कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार यादव, सहायक विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, एडीओ पंचायत मनोज कुमार सिंह, लेखाकार अभिमन्यु कुमार, सचिव रुस्तम अली, अरविंद कुमार, राहुल कुमार, सुमित प्रजापति, विनोद सेठ, लाल अमरेंद्र सिंह, गणेश अहीर, साजन पाल, प्रमोद कुमार, एडीओ समाज कल्याण मनोज कुमार सोनकर, प्रधान सतीश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

