चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अलीनगर पुलिस ने एक लावारिस ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। बरामदगी के बाद एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक संख्या UP74Y4726 की जांच की।
मुर्गी के दाने के नीचे छिपाई गई थीं 72 पेटियां
ट्रक के डाले की तलाशी लेने पर 20 बोरियों में रखे मुर्गी के दाने के नीचे 36 बोरियों में छिपाकर रखी गई कुल 72 पेटियां बरामद हुईं।
ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में हुई जांच
मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी को बुलाकर नियमानुसार दवाओं का परीक्षण कराया गया। जांच के लिए नमूने लेकर जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए हैं।
ट्रक से GPS डिवाइस भी बरामद
पुलिस ने ट्रक के केबिन से Fleetx कंपनी का एक जीपीएस डिवाइस तथा उसमें लगा सिम कार्ड भी बरामद किया है। पुलिस अब जीपीएस डेटा के आधार पर ट्रक की आवाजाही और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। तस्करी के पूरे गिरोह का खुलासा होने पर संबंधित सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बरामदगी के आधार पर थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत धारा 8/21 NDPS Act एवं धारा 18A, 28, 18C, 27B औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य तथा कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चन्दौली पुलिस ने कहा है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाकर विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

