ब्रेकिंग न्यूज़ : बलरामपुर
वाड्रफनगर में चला प्रशासन का बुलडोजर, एकलव्य विद्यालय की 2 एकड़ जमीन से हटाया जा रहा अतिक्रमण
कोटराही गांव में प्रशासनिक कार्रवाई, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
वाड्रफनगर/बलरामपुर
वाड्रफनगर क्षेत्र के कोटराही गांव में एकलव्य विद्यालय की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बताया जा रहा है कि एकलव्य विद्यालय के लिए आरक्षित करीब 2 एकड़ जमीन पर ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण किया गया था, जिसे हटाने के लिए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को जमीन खाली करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर बुलडोजर पहुंचाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि एकलव्य विद्यालय के लिए आरक्षित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद इस जमीन का उपयोग विद्यालय से संबंधित विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल मौके पर प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौजूद है तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
