श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम श्यार्दे में पिछले दो दिनों से चल रहा हाईवोल्टेज प्रदर्शन आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट 782 करोड़ रुपये के वाटर प्लांट के लिए अधिग्रहित जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम के विरोध में रामा बाई नाम की महिला BSNL के ऊंचे टावर पर चढ़ गई थी।
करीब 32 घंटे तक चले मान-मनौव्वल और समझाइश के बाद प्रशासन ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। महिला के नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों ने राहत की सांस ली।
CG NEWS : छत्तीसगढ़ शासन ने किया अहम फेरबदल, मंत्रियों की निजी स्थापना में बदली गई जिम्मेदारियां
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, श्योपुर जिले के श्यार्दे गांव में 377 गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 782 करोड़ रुपये की लागत से वाटर प्लांट परियोजना तैयार की जा रही है। इस परियोजना का शिलान्यास करीब दो साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
इसी परियोजना के लिए चिन्हित और अधिग्रहित जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही महिला रामा बाई विरोध जताते हुए BSNL टावर के ऊपर चढ़ गई।
महिला ने लगाए प्रशासन पर आरोप
टावर पर चढ़ी महिला का कहना था कि उसकी पट्टे की जमीन पर गांव के कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रशासन उस कब्जे को हटाने में मदद नहीं कर रहा है।
महिला का आरोप था कि एक तरफ उसकी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं हटाया जा रहा, वहीं दूसरी ओर जिस सरकारी जमीन पर उसका कब्जा बताया जा रहा है, वहां से उसे जबरन हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी विरोध में वह टावर पर चढ़ गई थी।
प्रशासन ने दिया आश्वासन, कार्रवाई स्थगित
महिला के टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे रहे। करीब 32 घंटे तक चली बातचीत और आश्वासन के बाद महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हुई।
प्रशासन ने फिलहाल बेदखली और कब्जा हटाने की कार्रवाई को स्थगित कर दिया है। अधिकारियों ने महिला को आश्वासन दिया है कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मामले का समाधान निकाला जाएगा और पहले महिला की पट्टे वाली जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा।

