ग्वालियर/अशोकनगर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर के युवाओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अशोकनगर अब केवल विकास योजनाओं का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार का भी बड़ा हब बनेगा। फेज-2 के तहत जिले में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से 2,000 सीटों वाला अत्याधुनिक कॉल सेंटर स्थापित किया जाएगा।
सिंधिया ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से 2,592 युवाओं को हर महीने 20 हजार से 25 हजार रुपये तक के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
RTI पर बड़ा न्यायिक फैसला’ सरकारी कर्मचारियों की निजी जानकारी साझा करने पर High Court’ ने लगाई रोक
‘लखपति युवा’ मॉडल को मिलेगी नई रफ्तार
अशोकनगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना जिले में ‘लखपति युवा’ मॉडल को नई गति देगी। इससे न केवल युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
5 हजार करोड़ की विकास योजनाओं पर काम
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार मिलकर अशोकनगर में करीब 5,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम कर रही हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है।
पलायन पर लगेगी रोक
उन्होंने कहा कि कॉल सेंटर शुरू होने के बाद हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिलेगा, जिससे बड़े शहरों की ओर होने वाला पलायन कम होगा। साथ ही स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उनका विश्वास है कि अशोकनगर का यह कॉल सेंटर प्रोजेक्ट जिले को रोजगार और सेवा क्षेत्र का नया केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

