तस्करी कर ले जाए जा रहे 63 गौवंश जप्त, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी फरार
सूरजपुर,
जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से तस्करी कर ले जाए जा रहे 63 गौवंश को जप्त किया है। चंदौरा थाना और रेवटी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में कार्रवाई कर सभी मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल जंगल के रास्ते जिले की सीमा पार कर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चंदौरा थाना और रेवटी चौकी की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने मौके से छोटे-बड़े कुल 63 गौवंश को अपने कब्जे में ले लिया।
जप्त किए गए सभी मवेशियों को सुरक्षा की दृष्टि से गांव के सरपंच की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि मवेशी तस्करी की सूचना मिलते ही चंदौरा थाना एवं रेवटी चौकी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 63 गौवंशों को बरामद किया। उन्होंने कहा कि फरार तस्करों की पताशाजी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बाइट – योगेश कुमार देवांगन,, एडिशनल एसपी,, सूरजपुर

